सीपी राधाकृष्णन या सुदर्शन रेड्डी? YSRCP ने किया खुलासा, जानिए BJD और BRS का स्टैंड भी…

मंगलवार यानी 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले अब धीरे-धीरे गैर NDA और गैर इंडिया गठबंधन राजनीतिक दलों ने अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं।

दक्षिण के दो राज्यों तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के सियासी दलों को रिझाने की दोनों गठबंधनों की मुहिम के बीच दो तटस्थ दलों- नवीन पटनायक की पार्टी बूीजू जनता दल (BJD) और तेलंगाना की विपक्षी पार्टी भारत राष्ट्र समिति (BRS) के मतदान में भाग नहीं लेने की संभावना है, क्योंकि ये दोनों दल दोनों ही गठबंधनों से समान दूरी बनाए रखना चाहते हैं।

दूसरी तरफ, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी की पार्टी YSRCP ने इंडिया गठबंधन को झटका देते हुए NDA के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को अपना समर्थन देने का ऐलान किया है।

ET की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि पार्टी सांसद अयोध्या रामी रेड्डी ने इसकी पुष्टि की है। फिलहाल जगनमोहन रेड्डी की YSRCP किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं है।

बावजूद इसके अपने पुराने राज्य के निवासी और विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी का समर्थन नहीं करने का फैसला किया है। हालांकि, हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने रेड्डी का समर्थन करने का फैसला किया है।

BJD और BRS का अंतिम फैसला बाकी

BJD और BRS के सूत्रों ने कहा कि उनकी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व कल मतदान से पहले अंतिम फैसला लेगा लेकिन, फिलहाल, उनका मानना ​​है कि मतदान से दूर रहना ज़्यादा उचित विकल्प होगा।

बता दें कि एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी पर अच्छी बढ़त बनाए हुए हैं। एनडीए उम्मीदवार को 439 सांसदों का समर्थन प्राप्त है, जबकि इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार को 324 सांसदों का समर्थन प्राप्त है।

संख्याबल सत्तारूढ़ गठबंधन के पक्ष में

मंगलवार (9 सितंबर) को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में सत्तारूढ़ NDA गठबंधन के उम्मीदवार सी पी राधाकृष्णन और विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी के बीच सीधा मुकाबला है।

इस बार दोनों उम्मीदवार दक्षिण भारत से हैं। राधाकृष्णन तमिलनाडु से जबकि रेड्डी तेलंगाना से हैं। उपराष्ट्रपति चुनाव को विपक्ष ने वैचारिक लड़ाई बताया है, जबकि संख्याबल सत्तारूढ़ गठबंधन के पक्ष में है।

मतगणना कल ही शाम 6 बजे शुरू होगी

बयान के अनुसार, ‘‘संसद भवन में मतदान की व्यवस्था 2025 के उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी एवं राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी द्वारा की जा रही है।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘मतगणना उसी दिन शाम 6 बजे शुरू होगी और उसके तुरंत बाद परिणाम घोषित किये जाएंगे।’’ राधाकृष्णन तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रहे हैं और वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं, जबकि रेड्डी उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश हैं।

निर्वाचक मंडल में कुल 788 सदस्य

79 वर्षीय रेड्डी जुलाई 2011 में शीर्ष अदालत से सेवानिवृत्त हुए थे। वह एक वरिष्ठ न्यायविद हैं। उन्होंने एक फैसले में, नक्सलियों से लड़ने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा गठित सलवा जुडूम को असंवैधानिक घोषित कर दिया था।

उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में रेड्डी ने विदेश में बैंक खातों में अवैध रूप से रखे गए बेहिसाबी धन को वापस लाने के लिए सभी कदम उठाने के वास्ते एक विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन का आदेश दिया था।

सत्रहवें उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए, निर्वाचक मंडल में राज्यसभा के 233 निर्वाचित सदस्य (वर्तमान में पांच सीटें रिक्त हैं), राज्यसभा के 12 मनोनीत सदस्य और लोकसभा के 543 निर्वाचित सदस्य (वर्तमान में एक सीट रिक्त है) शामिल हैं। निर्वाचक मंडल में कुल 788 सदस्य (वर्तमान में 781) हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *