भारत ने पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान के काबुल के ओमिद एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल पर किए गए क्रूर हवाई हमले की कड़ी निंदा की है। इस हमले में सैकड़ों लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं।
भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि इस अपराध के दोषियों को जवाबदेह ठहराया जाए। इसके साथ ही भारत ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जाहिर की है और अफगानिस्तान के लोगों के साथ एकजुटता जताई है।
ये कायराना हरकत है: विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने जारी बयान में कहा कि भारत पाकिस्तान के इस क्रूर हवाई हमले की पूरी तरह निंदा करता है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस हमले को किसी भी तरह से सैन्य लक्ष्य नहीं माना जा सकता।
अस्पताल में मरीजों का इलाज चल रहा था, लेकिन पाकिस्तान ने इसे निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर आम नागरिकों की जान ली है। पाकिस्तान अब इस नरसंहार को सैन्य अभियान का नाम देकर छिपाने की कोशिश कर रहा है।
भारत ने इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला बताया है। यह क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए बड़ा खतरा है। पाकिस्तान का यह व्यवहार उसकी लापरवाही की पुरानी आदत को दिखाता है।
वह अपनी आंतरिक कमियों को छिपाने के लिए बार-बार सीमा पार हिंसा का सहारा लेता है।