“मुंबई मेयर चुनाव का काउंटडाउन शुरू, भाजपा किस पर लगाएगी दांव? इन 6 नामों के बीच मुकाबला”…

महाराष्ट्र में नगर महापालिका चुनाव के नतीजे आने के बाद अब मुंबई मेयर चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो गया है। बीएमसी मेयर पद के लिए 11 फरवरी को चुनाव होने हैं और इसके लिए नामांकन प्रक्रिया आज शुक्रवार (06 फरवरी, 2026) से शुरू हो गई है।

ऐसे में सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि मुंबई का अगला मेयर कौन होगा? कहा जा रहा है कि भाजपा किसी महिला पर दांव खेल सकती है। हालांकि आधे दर्जन से ज्यादा नाम चर्चा में हैं।

किस पार्टी ने कितनी सीटें जीतीं?

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में मेयर का पद सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए रिजर्व किया गया है। 227 सदस्यों वाले सदन में बहुमत का आंकड़ा 114 है, जिसमें भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

जबकि, उसके सहयोगी एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 29 सीटें जीतीं।

इस तरह से महायुति का कुल आंकड़ा 118 हो गया है। वहीं, अजित पवार की एनसीपी को तीन सीटें मिलीं हैं लेकिन यह चुनाव एनसीपी ने महायुति से अलग होकर लड़ा था।

विपक्ष की तरफ से उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) ने 65 सीटें जीतीं। उसकी सहयोगी राज ठाकरे के नेतृत्व वाली एमएनएस ने 6 और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) ने एक।

कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ा था और उसने 24 सीटें जीतीं।

किन नामों की हो रही चर्चा

भाजपा की ओर से शीतल गंभीर-देसाई, रितु तावड़े, तेजस्वी घोसालकर, अलका केरकर, राजश्री शिरवाडकर, आशा मराठे और हर्षिता नार्वेकर जैसे नामों की चर्चा हो रही है।

  • बता दें कि 8 फरवरी, 2024 को मुंबई के बोरीवली-दहिसर इलाके में एक सनसनीखेज गोलीबारी में तेजस्वी के पति अभिषेक घोषालकर की मौत हो गई थी, जिसके बाद मॉरिस नोरोन्हा ने आत्महत्या कर ली थी। अभिषेक घोसालकर के पिता विनोद घोसालकर मुंबई के दहिसर से शिवसेना के पूर्व विधायक हैं और उनके परिवार को ठाकरे परिवार का करीबी माना जाता है।
  • शीतल देसाई पूर्व शिवसेना विधायक सुरेश गंभीर की बेटी हैं। उन्होंने माहिम-दादर के वार्ड 190 से जीत हासिल की, जिसे बड़ी मराठी आबादी वाला शिवसेना (UBT) का गढ़ माना जाता है।
  • ऋतु तावड़े घाटकोपर से दो बार की कॉर्पोरेटर हैं, जो 2012 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुई थीं। मराठा समुदाय से आने वाली ऋतु ने घाटकोपर के वार्ड 132 से चुनाव जीता। यह गुजराती लोगों का इलाका है।
  • हर्षिता नार्वेकर महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर की भाभी हैं। असल में, नार्वेकर परिवार ने तीन सीटों पर चुनाव लड़ा और तीनों सीटें जीतीं। नार्वेकर परिवार ने मुंबई के ए वार्ड से तीन सीटों पर चुनाव लड़ा, जिसे बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में एक प्रतिष्ठित वार्ड माना जाता है।
  • अल्का केरकर चार बार कॉर्पोरेटर रह चुकी हैं और पहले मुंबई की डिप्टी मेयर के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह अपने लोगों से जुड़ने के कौशल और जमीनी नेटवर्क के लिए जानी जाती हैं।
  • आशा मराठे वार्ड 152 से तीन बार कॉर्पोरेटर रह चुकी हैं। वह भाजपा की साउथ मुंबई महिला विंग की जिला अध्यक्ष हैं और उन्हें काफी अनुभव है।
  • राजश्री शिरवाडकर कॉर्पोरेशन मामलों में अपने अनुभव और जमीनी समर्थन के लिए जानी जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *