कांग्रेस नेताओं ने महिलाओं की ओर अभद्र इशारे किए, सीएम हिमंत सरमा ने FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए…

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने पुलिस को हाल की एक राजनीतिक रैली के दौरान महिलाओं के प्रति कथित अभद्र इशारे करने के आरोप में तीन कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है।

सरमा के अनुसार आरोपित नेताओं में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा और राज्य महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीरा बोरठाकुर शामिल हैं, जो उस वक्त घटनास्थल पर मौजूद थीं।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि गुवाहाटी में हुई रैली के दौरान बस के ऊपर से अशोभनीय इशारे किए गए, जिसे उन्होंने असम की महिलाओं का सामूहिक अपमान बताया।

कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सरमा ने कहा कि पुलिस महानिदेशक को उपयुक्त कानूनी प्रावधानों के तहत आपराधिक मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही संबंधित वीडियो क्लिप महिला आयोग को भेजने को भी कहा गया है ताकि आयोग इस पर संज्ञान ले सके।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस से आरोपित नेताओं पर पार्टी स्तर पर कार्रवाई की भी मांग की। वहीं देबब्रत सैकिया ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ और वह केवल चल रही बातचीत पर हंस रहे थे। कांग्रेस की ओर से औपचारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *