हिमाचल दिवस पर CM सुक्खू की बड़ी घोषणाएं: किन्नौर की महिलाओं को 1500 रुपये मिलेंगे, कर्मचारियों को भी मिली राहत…

हिमाचल दिवस पर किन्नौर के रिकांगपिओ में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कई घोषणाएं की हैं। रिकांगपिओ में बुधवार को हिमाचल दिवस का राज्यस्तरीय समारोह उत्साह और परंपरागत रंगों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के मंच से मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों, महिलाओं, शिक्षा और पुलिस विभाग से जुड़ी कई अहम घोषणाएं कर लोगों का ध्यान खींचा। 

महिला सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किन्नौर जिले की 21 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जाएंगे। इससे जनजातीय क्षेत्र की महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है। 

इसके लिए आय सीमा तय की गई है, दो लाख रुपये से कम आय वाली महिलाओं को ही इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि योजना के तहत 1500 रुपये दिए जाएंगे। 

कर्मचारियों को राहत, मई में मिलेगा भुगतान

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि एक जनवरी से 31 दिसंबर 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए क्लास-4 कर्मचारियों को लंबित ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट का भुगतान मई माह में किया जाएगा। लंबे समय से अपने बकाया का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए यह राहत भरी खबर है।

अधिकारियों के वेतन डिफर आदेश वापस

सरकार ने क्लास-1 और क्लास-2 अधिकारियों के वेतन को डिफर यानी सितंबर तक स्थगित करने का फैसला भी वापस ले लिया है। इससे प्रशासनिक स्तर पर भी राहत का माहौल बना है।

शिक्षा में समानता की पहल

मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार का संकेत देते हुए कहा कि प्रदेश के सभी स्कूलों में छात्रों से एक समान फीस ली जाएगी। सरकार का उद्देश्य शिक्षा में समान अवसर और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

ईमानदार पुलिस कर्मियों को मिलेगा अतिरिक्त रैंक

पुलिस विभाग के लिए भी अहम घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट और ईमानदार सेवा देने वाले पुलिस कर्मियों को सेवानिवृत्ति के समय एक अतिरिक्त रैंक दिया जाएगा। इसे पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *