एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) जालंधर रेंज की टीम ने 522 ग्राम हेरोइन के साथ ड्रग तस्कर सिविल इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक कार भी बरामद की गई है।
एएनटीएफ जालंधर रेंज के एआइजी जगजीत सिंह सरोआ ने बताया कि डीएसपी सुखविंदर सिंह ने सूचना के आधार पर कार्रवाई की है।
आरोपित की पहचान नवदीप सिंह उर्फ सोनू पुत्र लखबीर सिंह निवासी गांव गन्ना पिंड, थाना फिल्लौर के रूप में हुई है। उसके पास से हेरोइन और कार ईको स्पोर्ट जब्त की है, जिसका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया जा रहा था।
एएनटीएफ थाना एसएएस नगर (मोहाली) में एएसआइ परमिंदर सिंह के बयान पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
पूछताछ में आरोपित नवदीप सिंह ने बताया कि उसने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और वर्तमान में खेतीबाड़ी करता है। उसने माना कि बुरी संगत के कारण वह खुद नशा करने लगा था। बाद में अधिक कमाई और आसान पैसे के लालच में उसने नशा बेचने का काम शुरू कर दिया।