ट्रंप की 100% टैरिफ वाली धमकी का कनाडा ने निकाला उपाय, PM कार्नी ने इन सामानों को खरीदने का किया आह्वान…

अमेरिका और कनाडा के बीच तनातनी नए स्तर पर पहुंच गई है। चीन के साथ व्यापार समझौते को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की कनाडा पर 100 प्रतिशत टैरिफ थोपने की धमकी से बेफिक्र प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने देशवासियों से स्वदेशी अपनाने और अंतरराष्ट्रीय निर्भरता घटाने का आह्वान किया है।

पीएम कार्नी ने एक वीडियो संदेश में अमेरिका का नाम लिए बगैर नागरिकों को आगाह किया कि कनाडा की अर्थव्यवस्था को बाहर से चुनौती मिल रही है, ऐसे में वह रणनीति अपनाने की जरूरत है जहां देश ही अपना सर्वश्रेष्ठ ग्राहक बन जाए।

कनाडा को निकसित करने पर दिया जोर

उन्होंने कहा कि हमें उन चीजों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, जिन्हें हम अच्छे से नियंत्रित कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि दूसरे देश क्या करते हैं, उन पर हमारा नियंत्रण नहीं है।

हम अपने सर्वश्रेष्ठ ग्राहक खुद बन सकते हैं। हम कनाडाइयों को विकसित करेंगे। साथ मिलकर हम मजबूत बनेंगे।

गौरतलब है कि एशिया से अपने आर्थिक संबंध विकसित करने का प्रयास कर रहे कनाडा को शनिवार को ट्रंप ने धमकाया था।

कनाडा के पीएम को गवर्नर कहकर संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा था कि अगर वह सोचते हैं अमेरिका में चीनी सामानों और उत्पादों के प्रवेश के लिए वह कनाडा को बंदरगाह बना सकते हैं, तो ये पूरी तरह उनकी गलती है।

चीन कनाडा को जिंदा निगल जाएगा, पूरी तरह तबाह कर देगा, जिसमें न तो उनका कारोबार बचेगा, न सामाजिक तानाबाना और न ही जीवनशैली।

अगर कनाडा चीन के साथ समझौता करता है, तो कनाडा से अमेरिका आनेवाले सामानों पर तत्काल प्रभाव से 100 प्रतिशत टैरिफ थोप दिया जाएगा।

कनाडाई मंत्री ने ट्रंप की धमकी का किया खंडन

वहीं, अमेरिका के साथ व्यापार के लिए जिम्मेदार कनाडा के मंत्री डोमिनिक लेब्लां ने ट्रंप की नवीनतम धमकी का खंडन किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “चीन के साथ मुक्त व्यापार समझौते की कोई कोशिश नहीं की जा रही है। जो हासिल हुआ है वह कई महत्वपूर्ण टैरिफ मुद्दों का समाधान है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *