खुशियों के माहौल में खूनखराबा, पलामू में छोटे भाई ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट…

पांकी थाना क्षेत्र के ठेकही अंदाग गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की टांगी से काटकर हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। 

जानकारी के अनुसार, मृतक पिंटू भुईयां चार भाइयों में से एक था। सबसे बड़े भाई के बेटे की सगाई के अवसर पर सभी भाई एकत्रित हुए थे।

इस दौरान सभी ने शराब का सेवन किया। इसी बीच किसी बात को लेकर पिंटू भुईयां और उसके छोटे भाई सीटू भुईयां के बीच विवाद हो गया। 

विवाद इतना बढ़ गया कि सीटू ने टांगी से पिंटू पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्वजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा 

घटना के बाद स्वजन शव को अस्पताल से लेकर गांव चले गए और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जहां पोस्टमार्टम होने के उपरांत स्वजनों को सौंप दिया गया। 

पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि शराब के नशे में दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें यह घटना हुई। आरोपी छोटा भाई फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

बताया जाता है कि दोनों भाई बाहर ईंट-भट्ठा में मजदूरी का काम करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *