बेंगलुरु के कोरमंगला इलाके में ब्लिंकिट डिलीवरी एग्जीक्यूटिव ने ग्राहक को थप्पड़ मार दिया। इस दौरान ग्राहक की नाक टूट गई और डिलीवरी ब्वॉय गिरफ्तार हो गया। ये घटना 7 मार्च की रात करीब 2 बजे हुई। जब ज्यादातर लोग सो रहे होते हैं।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल ग्राहक पॉल जे. विथायाथिल ने ब्लिंकिट ऐप से ऑर्डर किया था। वो अपने फ्लैट पर डिलीवरी का इंतजार कर रहे थे। लेकिन डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, गलत जगह पहुंच गया। वो बिल्डिंग में ही किसी और फ्लोर या ब्लॉक पर चला गया। डिलिवरी ब्वॉय का नाम तनुष बताया गया है और वो एजिपुरा का रहने वाला है।
पॉल ने उसे फोन करके सही फ्लोर पर आने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बातें तेज होती गईं और झगड़ा बढ़ता चला गया। पुलिस के मुताबिक, ये सिर्फ फोन पर नहीं रुका।
घर के सामने हुआ हमला
डिलीवरी एग्जीक्यूटिव बाद में ग्राहक के फ्लैट के पास पहुंचा। यहां बहस और तेज हो गई। पुलिस शिकायत के अनुसार, तनुष ने पॉल के चेहरे पर मुक्का मार दिया। हमला इतना जोरदार था कि पॉल की नाक टूट गई। इसके बाद उसने ऑर्डर का सामान फेंक दिया और मौके से भाग निकला।
पॉल ने तुरंत मेडिकल मदद ली। अस्पताल में जांच हुई, जिसमें नाक की हड्डियों का एक्स-रे भी कराया गया। रिपोर्ट में साफ नजर आया कि नाक में फ्रैक्चर है। डॉक्टरों ने इसे गंभीर बताया है और इलाज शुरू किया।
पुलिस ने केस दर्ज किया
पॉल ने कोरमंगला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। जांच के दौरान ब्लिंकिट से डिलीवरी एग्जीक्यूटिव की डिटेल्स ली गईं। आरोपी तनुष को बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि ये घटना डिलीवरी के दौरान छोटी-मोटी गलती से शुरू हुई, लेकिन बात हाथापाई तक पहुंच गई। आरोपी पर हमला करने और चोट पहुंचाने का केस चला है। जांच अभी जारी है।