केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के त्रिवेंद्रम क्लब के पास गुरुवार रात एक सड़क दुर्घटना में हुई। इस दुर्घटना में वरिष्ठ अभिनेता मनियनपिल्ला राजू की कार एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और वे मौके से फरार हो गए।
इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दूसरे का रीढ़ की हड्डी में चोट आ गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों की पहचान तिरुवनंतपुरम निवासी 20 वर्षीय सूरज और निदेव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार रात करीब 9:30 बजे वेल्लायंबलम-वाझुथक्कड़ सड़क पर स्थित त्रिवेंद्रम क्लब के सामने हुई।
टक्कर के बाद घटनास्थल से भाग गए अभिनेता राजू
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, त्रिवेंद्रम क्लब के अभिनेता मनियनपिल्ला राजू की कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारी और फिर मौके से फरार हो गई। घटना के बाद राजू करीब दस घंटे तक लापता रहे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद पुष्टि की कि वाहन राजू द्वारा चलाया जा रहा था। पुलिस ने अभिनेता मनियनपिल्ला राजू के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और घायलों की मदद न करने के कारण ‘हिट-एंड-रन’ का मामला दर्ज किया है।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत लापरवाही से गाड़ी चलाने, जान को खतरे में डालने वाले लापरवाहीपूर्ण कृत्य और दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने से इनकार करने के लिए कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
क्या बोले अभिनेता राजू?
घटना के करीब 10 घंटे बाद अभिनेता राजू शुक्रवार सुबह पुलिस स्टेशन गए। राजू ने पुलिस को बताया, “मैं सड़क पार करने के लिए धीरे-धीरे कार चला रहा था तभी मोटरसाइकिल ने मेरी कार को टक्कर मार दी। मुझे एक आवाज सुनाई दी और मैंने किसी को गिरते हुए देखा। घटनास्थल से निकलने के बाद, मैंने एक व्यक्ति से संपर्क किया और उससे एम्बुलेंस की व्यवस्था करने को कहा।”
राजू ने की पुष्टि
अभिनेता राजू ने पुष्टि की कि कार वही चला रहे थे और अपनी खराब सेहत के कारण वे घटनास्थल से चले गए।
उन्होंने कहा, “मैं कैंसर का मरीज हूं और अब मुझे चिकनगुनिया भी हो गया है। साथ ही, मेरी पत्नी घर पर अकेली थी।” राजू ने बताया कि उन्होंने पुलिस से संपर्क किया था और उन्हें सूचित किया था कि वे रात में पेश नहीं हो पाएंगे।