टेक्सास में भारतवंशी पर बड़ी कार्रवाई, टैक्स धोखाधड़ी के मामले में 5 साल की जेल

टेक्सास की एक अदालत ने भारतवंशी को पांच साल जेल की सजा सुनाई है। उसने कारोबारियों से फीस लेकर टैक्स बचाने में मदद की और दो करोड़ 70 लाख डॉलर से ज़्यादा की आय सरकार से छिपाने में मदद करने वाली स्कीम चलाई।

कोर्ट के दस्तावेज के अनुसार, टेक्सास के निवासी आनंद शुक्ला ने देशभर के कारोबारियों को टैक्स बचाने का फर्जी तरीका (टैक्स शेल्टर) प्रमोट करने की कोशिशों से जुड़े मामले में अमेरिका के साथ धोखाधड़ी की साजिश रचने का जुर्म स्वीकार कर लिया।

टेक्सास की वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने शुक्ला को 60 महीने की जेल की सज़ा सुनाई।कोर्ट के दस्तावेज और कोर्ट में दिए गए बयानों के अनुसार, 2017 से 2025 के बीच शुक्ला और उसके साथियों ने अवैध ट्रस्ट टैक्स शेल्टर का प्रचार किया, उसे बेचा और खुद भी इस्तेमाल किया।

इस स्कीम के तहत ग्राहकों से 2,25,000 अमेरिकी डॉलर तक की भारी फीस ली जाती थी और टैक्स बचाने का तरीका बताया जाता था।

इस सकीम के तहत कारोबारियों को अपनी कंपनियों को इस तरह से पुनर्गठित करने को कहा जाता था कि उनके बिजनेस से होने वाली लगभग 98 प्रतिशत आय कई स्तरों वाले ट्रस्ट और एक प्राइवेट फैमिली फाउंडेशन के जरिए आए। इसके बाद वे व्यक्तिगत खर्चों (जैसे कार, मनोरंजन और होम लोन) को भी ट्रस्ट के माध्यम से दिखाकर टैक्स छूट का दावा करते थे।

शुक्ला आम तौर पर ये ट्रस्ट पैकेज 25 हजार से 55 हजार अमेरिकी डालर में बेचता था, ट्रस्ट के दस्तावेज़ तैयार करता था, दूसरे प्रमोटरों को ट्रेनिंग देता था। इसके जरिये दो करोड़ 70 लाख डालर से ज़्यादा की आय को छिपाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *