पाक मीडिया का झूठ बेनकाब, 18 सितंबर को ट्रंप पाकिस्तान नहीं बल्कि इस देश की यात्रा पर जाएंगे…

पाकिस्तान की मीडिया की तरफ से दावा किया जा रहा था कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 17 से 19 सितंबर के बीच इस्लामाबाद की यात्रा पर होंगे।

लेकिन अब पाक मीडिया की इन रिपोर्ट्स की पोल खुलती हुई नजर आ रही है।

ब्रिटेन के शाही परिवार के शेड्यूल की रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलेनिया किंग चार्ल्स के आमंत्रण पर 17 से 19 सितंबर को यूनाइटेड किंगडम का दौरा करेंगे।

ट्रंप और मेलेनिया की इस यात्रा के लिए बकिंघम पैलेस में भी नवीनीकरण का काम तेजी से चल रहा है।

ट्रंप अपने पहले कार्यकाल के दौरान भी यूके की यात्रा पर गए थे उस दौरान उनका स्वागत दिवंगत महारानी एलिजाबेथ ने किया था।

इससे पहले पाकिस्तान के समा टीवी समेत कई पाकिस्तानी मीडिया चैनल्स की तरफ से यह खबर फैलाई गई थी कि ट्रंप 18 सितंबर को इस्लामाबाद का दौरा करेंगे।

उसके बाद ट्रंप भारत की और रवाना होंगे। हालांकि जब पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय से इस बारे में जवाब मांगा गया तो उन्होंने ऐसी किसी भी तरह की यात्रा के बारे में जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया।

अगर पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट्स सही साबित होती है और ट्रंप पाकिस्तान की यात्रा पर जाते हैं तो वह 2006 में जॉर्ज बुश की यात्रा के बाद दूसरे अमेरिका राष्ट्रपति होंगे।

आपको बता दें कि राष्ट्रपति ट्रंप की पाकिस्तान यात्रा की चर्चा ऐसे समय में आई है जब कुछ दिन पहले ही उन्होंने पाकिस्तान के आर्मी चीफ की मेजबानी की थी।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुरू हुए भारत पाकिस्तान संघर्ष को रुकवाने के लिए ट्रंप ने मध्यस्थता का दावा किया था, जिसे पाकिस्तान द्वारा हाथों-हाथ लिया गया था।

ट्रंप के इस रवैए के बाद वैश्विक राजनीति में इस बात की चर्चा ने जोर पकड़ लिया था कि अमेरिका एक बार फिर पाकिस्तान की तरफ झुकाव दिखा रहा है।

अमेरिका के राष्ट्रपति द्वारा बार-बार भारत पाकिस्तान के बीच में सीजफायर करवाए जाने के दावे से भारत को असहज करने वाली स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

भारत की तरफ से लगातार इस बात को साफ किया जा रहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर आपसी बातचीत के बाद हुआ है, इसमें किसी बाहरी ताकत का कोई हाथ नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *