रायपुर के सरकारी अस्पताल में धर्मांतरण का आरोप, Bajrang Dal ने किया विरोध…

रायपुर स्थित आंबेडकर अस्पताल में शनिवार को मतांतरण गतिविधियों को लेकर हंगामा मच गया।

ईसाई मिशनरी से जुड़ी तीन महिलाएं अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों के बीच पहुंचीं और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लालच देकर मतांतरण के लिए प्रेरित कर रही थीं।

एक मरीज ने इन गतिविधियों का वीडियो बना लिया और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को भेज दिया।

सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक संबंधित महिलाएं वहां से जा चुकी थीं।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सरकारी अस्पताल परिसर में लगभग आधे घंटे तक उनकी खोजबीन की, लेकिन वे नहीं मिलीं। इसके बाद उन्होंने ड्यूटी पर तैनात गार्डों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी।

साथ ही, अस्पताल प्रबंधन को भी इस मामले की जानकारी देते हुए कहा कि परिसर में ऐसी घटनाओं की जिम्मेदारी प्रबंधन की है और इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

इस घटना के विरोध में कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर के बाहर स्थित मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया।

बजरंग दल ने महिलाओं का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर साझा किया है और कहा है कि जहां भी ये महिलाएं दिखाई दें, तुरंत सूचना दी जाए, ताकि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।

प्रदेश सरकार ने हाल ही में मतांतरण रोकने के लिए धर्म स्वातं‌र्त्य विधेयक कानून बनाया है, जिसमें लालच देकर मतांतरण करवाने पर सजा का प्रविधान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *