सहारा ग्रुप की कंपनियों के कर्मचारियों को वेतन कौन देगा? इस अहम मुद्दे पर आज शीर्ष न्यायालय में होगी महत्वपूर्ण सुनवाई…

सहारा समूह की कंपनियों से अपने लंबित वेतन के भुगतान की अपील करने वाले कर्मचारियों की अंतरिम याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा।

प्रधान न्यायाधीश बीआर गवई की अध्यक्षता वाली पीठ इस मामले की सुनवाई कर सकती है।

सुप्रीम कोर्ट ने 14 अक्टूबर को सहारा इंडिया कमर्शियल कारपोरेशन लिमिटेड (एसआइसीसीएल) की याचिका पर केंद्र, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) और अन्य हितधारकों से जवाब मांगा था।

याचिका में सहारा ने अपनी 88 प्रमुख संपत्तियों को अदाणी प्रापर्टीज प्राइवेट लिमिटेड को बेचने की अनुमति मांगी थी।

मामले में आज होगी सुनवाई

एसआइसीसीएल की याचिका पहले ही 17 नवंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है। शुक्रवार को वकीलों ने प्रधान न्यायाधीश से आग्रह किया कि कर्मचारियों की अंतरिम याचिकाओं को भी सोमवार को सूचीबद्ध किया जाए, क्योंकि उन्हें कई महीनों से वेतन नहीं मिला है।

SICCL के अंतरिम आवेदन पर हुई थी सुनवाई

इससे पहले, पीठ ने सहारा समूह के धन वापसी दायित्वों से संबंधित लंबे समय से लंबित मामले में एसआइसीसीएल के अंतरिम आवेदन पर सुनवाई की थी।

पीठ ने वित्त मंत्रालय और सहकारिता मंत्रालय को भी इस मामले में पार्टी बनाने का आदेश दिया है। पीठ ने न्यायमित्र वरिष्ठ वकील शेखर नफड़े से एसआइसीसीएल द्वारा अदाणी समूह की कंपनी को बेची जाने वाली प्रस्तावित 88 संपत्तियों का ब्यौरा जुटाने को कहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *