होर्मुज को लेकर अमेरिका की धमकी के बीच ईरान ने ट्रंप को मैथ का फॉर्मूला ‘f(f(O)) > f(O)’ याद दिलाया, जानिए इसका मतलब क्या है…

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर चरम पर है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान में हुई शांति वार्ता विफल होने के बाद स्ट्रेट ऑफ हार्मुज में जहाजों की आवाजाही को ब्लॉक करने की धमकी दी है।

इसके जवाब में ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गलिबाफ ने अमेरिका को तीखा जवाब दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में अमेरिकी नागरिकों को चेतावनी दी कि जल्द ही वे मौजूदा पेट्रोल कीमतों के लिए ‘नॉस्टैल्जिक’ हो जाएंगे।

गलिबाफ का मैथमेटिकल हमला 

गलिबाफ ने व्हाइट हाउस के पास पेट्रोल पंप की कीमतों की गूगल मैप्स इमेज शेयर की और लिखा, ‘मौजूदा पंप फिगर्स का मजा लीजिए। इस तथाकथित ‘ब्लॉकेड’ के साथ जल्द ही आप 4-5 डॉलर प्रति गैलन गैस के लिए नॉस्टैल्जिक हो जाएंगे।’

उन्होंने एक गणितीय समीकरण भी शेयर किया- ‘ΔO_BSOH>0 ⇒ f(f(O))>f(O)’। एक एक्स यूजर के अनुसार, इसका मतलब है कि अगर हार्मुज ब्लॉकेड की तीव्रता बढ़ी (Delta O_BSOH > 0), तो तेल की कीमतों में कंपाउंडिंग और नॉन-लीनियर उछाल आएगा, न कि साधारण वृद्धि। यानी आपूर्ति में रुकावट से कीमतें बढ़ेंगी और फिर उसका असर और बढ़ेगा।

होर्मुज नाकेबंदी का असर 

शांति वार्ता विफल होने के बाद ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी नौसेना सोमवार शाम से ईरानी बंदरगाहों पर आने-जाने वाले सभी जहाजों को ब्लॉक कर देगी। यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि यह ब्लॉकेड ईरान के अरब सागर और ओमान की खाड़ी के सभी बंदरगाहों पर लागू होगा।

हालांकि, गैर-ईरानी बंदरगाहों के बीच आवाजाही की अनुमति रहेगी। बता दें पाकिस्तान में हुई वार्ता में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरानी प्रतिनिधिमंडल के बीच कोई समझौता नहीं हो सका था।

तेल की कीमतों में तेजी 

ट्रंप की धमकी के बाद सोमवार को मानक तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गईं। कारोबार शुरू होने के कुछ ही समय बाद, मई डिलीवरी के लिए वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) का एक बैरल लगभग आठ प्रतिशत बढ़कर 104.50 डॉलर हो गया, जबकि अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट का जून डिलीवरी का मूल्य सात प्रतिशत बढ़कर 102 डॉलर हो गया।

एशिया में शुरुआती कारोबार में, दक्षिण कोरिया का बेंचमार्क कोस्पी सूचकांक दो प्रतिशत गिर गया, हालांकि बाद में इसमें मामूली सुधार हुआ, जबकि जापान का निक्केई सूचकांक 0.3 प्रतिशत नीचे रहा।

पिछले हफ्ते तेल की कीमतें गिर गईं और शेयरों में उछाल आया, जब ट्रंप ने पाकिस्तान की मध्यस्थता से दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमति जताई, हालांकि इजरायल द्वारा लेबनान पर हमले जारी रखने और होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रभावी रूप से बंद रहने के कारण इसकी नाजुकता जल्दी ही स्पष्ट हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *