अमेरिका के विदेश नीति विशेषज्ञ एवं जाने-माने अर्थशास्त्री जेफरी सैश ने ईरान युद्ध में अमेरिका की गलतियों की वजह विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर जैसे बड़े नेताओं की ‘गैंग्सटर जैसी’ सोच को बताया है।
जेफरी ने कहा, ‘अमेरिका में जो गलतियां हो रही हैं, वे एक नाकाबिल बूढ़े आदमी के फैसलों का नतीजा हैं, जो पीट हेगसेथ जैसे लोगों के साथ मिलकर फैसले ले रहा है।
पीट हेगसेथ पूरी तरह से नाकाबिल और बेवकूफ हैं और कुछ दूसरे लोग भी हैं जिन्हें अपने काम की बिल्कुल भी समझ नहीं है।
विटकॉफ और कुशनर की गैंगस्टर जैसी सोच
स्टीव विटकॉफ और कुशनर, यह एक ऐसा छोटा सा ग्रुप है, जिसने अमेरिका में सत्ता पर कब्जा कर लिया है। वे गैंग्सटरों की तरह सोचते हैं।
उनके पास कोई विशेषज्ञता नहीं है। उनके पास कोई गहरी जानकारी नहीं है।
हम आम लोगों को यह सब पता नहीं चलता कि अंदर क्या बातें हो रही हैं। लेकिन हम हर दिन लीक हुई खबरों के बारे में पढ़ते हैं और कभी-कभी जोसेफ केंट (अमेरिका के नेशनल काउंटरटेररिज्म सेंटर के तत्कालीन निदेशक) जैसे लोगों के इस्तीफे भी देखते हैं।’
24 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ट्रंप के बीच हुई फोन वार्ता में एलन मस्क की मौजूदगी से जुड़े सवाल पर ने सैश ने कहा, अगर यह सच है तो यह स्थिति अमेरिका में एक गहरे संस्थागत संकट की ओर इशारा करती है। यानी अमेरिका में सामान्य शासन व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
उन्होंने यूएई को युद्ध में शामिल नहीं होने के प्रति चेताते हुए कहा कि अगर वह युद्ध में शामिल होता है, तो दुबई और अबू धाबी को उड़ाया जा सकता है। ये रिजार्ट वाले इलाके हैं। ये पर्यटन स्थल हैं। ये मिसाइल सुरक्षा की किलेबंदी वाले इलाके नहीं हैं।