पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच अमेरिका ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई की स्थिति को लेकर बड़ा दावा किया है।
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई अमेरिकी-इजराइली हमलों में घायल हो गए हैं और संभव है कि उनका चेहरा भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया हो।
पेंटागन ने उठाए ईरान के नेतृत्व पर सवाल
पेंटागन में मीडिया को संबोधित करते हुए पीट हेगसेथ ने कहा कि उन्हें जानकारी है कि ईरान का नया सर्वोच्च नेता घायल है और संभव है कि उसका चेहरा बिगड़ गया हो।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सर्वोच्च नेता बनने के बाद मुजतबा खामेनेई का पहला संदेश केवल लिखित रूप में क्यों आया।
हेगसेथ ने कहा कि ईरान में कैमरे और रिकॉर्डिंग की कोई कमी नहीं है, फिर भी न तो आवाज जारी की गई और न ही वीडियो दिखाया गया।
‘कौन है ईरान का असली नेता?’
अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा कि मुजतबा खामेनेई का बयान कमजोर था और इससे ईरान की स्थिति कमजोर दिखाई देती है।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता अली खामेनेई की मौत हो चुकी है और नया नेतृत्व डरा हुआ तथा भागता हुआ नजर आ रहा है। हेगसेथ ने टिप्पणी करते हुए कहा, “कौन सत्ता में है? शायद ईरान को खुद भी नहीं पता।”
यह प्रेस ब्रीफिंग उस समय हुई जब US सेंट्रल कमांड ने बताया कि इराक में एक ईंधन भरने वाले सैन्य विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम चार अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई।
पेंटागन का कहना है कि अमेरिका और इजराइल की संयुक्त कार्रवाई में ईरान की सैन्य क्षमता काफी कमजोर हुई है। हेगसेथ के मुताबिक अमेरिकी और इजराइली सेनाओं ने अब तक करीब 15 हजार दुश्मन ठिकानों को निशाना बनाया है।
ईरान की सैन्य क्षमता कमजोर होने का दावा
अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा कि हमलों के बाद ईरान की मिसाइल क्षमता लगभग 90 प्रतिशत तक घट गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एकतरफा हमला करने वाले ईरानी ड्रोन की संख्या में भी करीब 95 प्रतिशत की कमी आई है।
45 वर्षीय पीट हेगसेथ पहले टीवी चैनल फॉक्स न्यूज के सह-होस्ट रह चुके हैं। उन्होंने इस सप्ताह मीडिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ मीडिया संस्थान युद्ध की नकारात्मक खबरों को ज्यादा दिखा रहे हैं और अमेरिका की सफलता को नजरअंदाज कर रहे हैं। उनके मुताबिक यह युद्ध उनके कार्यकाल के दौरान अमेरिका का पांचवां बड़ा अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभियान है।
मुजतबा खामेनेई का पहला बयान
इस बीच ईरान के नए सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई ने अपने पहले बयान में कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को अमेरिका के खिलाफ दबाव बनाने के लिए बंद रखा जाना चाहिए। उनका यह बयान ईरान के सरकारी टीवी पर एक एंकर ने पढ़कर सुनाया, जबकि मुजतबा खामेनेई खुद कैमरे पर नहीं आए।
उन्होंने कहा कि ईरान कभी पीछे नहीं हटेगा और पूरी ताकत से जवाब देगा। साथ ही उन्होंने कहा कि देश युद्ध में मारे गए हर नागरिक और अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत का बदला लेगा।