रावतपुर के शिवनगर में ठेकदार के घर से 35 लाख की चोरी में पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेजा है। चोरों के एक फरार साथी की तलाश की जा रही है। आरोपितों के कब्जे से चोरी के जेवरात भी बरामद हुए हैं।
शिवनगर निवासी इंटीरियर डेकोरेटर मुश्ताक अली के घर से 29 मार्च को करीब 30 से 35 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी हो गई थी। मंगलवार शाम को पुलिस ने मसवानपुर के मामा तालाब के पास से तीन चोरों को गिरफ्तार किया था।
आरोपितों के पास से चोरी किए गए दो कड़े, चेन, अंगूठी और एक टाइटेनियम सिल्वर बरामद हुआ है। आरोपित घटना के बाद नेपाल भाग गए थे और वहां कैसिनो में पैसे खर्च किए।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपितों की पहचान फजलगंज निवासी राजेश बाथम, काकादेव के आशू अग्निहोत्री और रावतपुर के सौरभ चंदेल के रूप में हुई है।
राजेश के खिलाफ छह, आशू और सौरभ के खिलाफ तीन-तीन मुकदमे हैं। आशू सजायफ्ता मुजरिम है। इनके पास से चोरी का करीब 10 लाख का माल बरामद हुआ है। एक आरोपित मऊ निवासी अजय यादव फरार है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। ये लोग उसे ही माल सौंपते थे।