अमेरिका के बाद ट्रंप किस देश के राष्ट्रपति बनना चाहते हैं? खुद ही खोल दी मन की बात…

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि वह वेनेजुएला में काफी लोकप्रिय हैं और अमेरिका में अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद वह वहां के राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल होने पर विचार कर सकते हैं।

हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह बात मजाकिया लहजे में कही।

ट्रंप ने सोमवार को एक प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वह वेनेजुएला में अब तक के किसी भी नेता से ज्यादा पोल रेटिंग हासिल कर सकते हैं।

US जेल में बंद हैं वेनेजुएला के राष्ट्रपति

उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब गत तीन जनवरी को अमेरिका ने एक सैन्य अभियान में वेनेजुएला के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को पकड़ लिया था और वे ड्रग्स तस्करी के मामलों का सामना करने के लिए अमेरिका लाए गए थे। इसके बाद वहां की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में जिम्मेदारी संभाली।

वेनेजुएला में मुझे ज्यादा वोट मिलेंगे: ट्रंप 

ट्रंप ने कहा, ‘वेनेजुएला के लोग कहते हैं कि अगर मैं वहां राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ता हूं तो मुझे अब तक के किसी भी व्यक्ति के मुकाबले ज्यादा वोट मिलेंगे। इसलिए मैं जब यहां अपना काम खत्म कर लूंगा तो वेनेजुएला जा सकता हूं।’

निर्वाचित राष्ट्रपति से बहुत खुश हूं: ट्रंप 

उन्होंने कहा, ‘मैं जल्द ही स्पेनिश सीख लूंगा। इसमें ज्यादा समय नहीं लगेगा। मैं भाषा के मामले में अच्छा हूं और मैं वेनेजुएला जाऊंगा। मैं राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लडृंगा, लेकिन हम वहां के निर्वाचित राष्ट्रपति से बहुत खुश हैं।’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि वेनेजुएला के साथ संघर्ष 45 मिनट में खत्म हो गया था। अमेरिका ने अब तक वहां से करोड़ों बैरल तेल हासिल किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *