Muzaffarpur School Fund: जिले के 35 से अधिक सरकारी स्कूलों में करीब सात करोड़ रुपये की राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा नहीं किए जाने पर शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। इस मामले में संबंधित स्कूलों के प्रधानाध्यापकों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा ने शुक्रवार को संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सामने आया कि परिभ्रमण और बेंच-डेस्क मद में खर्च की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र अब तक जमा नहीं किया गया है।
डीईओ ने बताया कि वर्ष 2002 से 2004 और 2015 से 2017 के बीच विद्यालयों को दी गई राशि का हिसाब सबसे अधिक लंबित है। इस मामले को लेकर वित्त विभाग ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समय पर उपयोगिता प्रमाण पत्र नहीं दिया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।