कैमरून के राष्ट्रपति पॉल बिया को देश का फिर से राष्ट्रपति चुना गया है। सोमवार को संवैधानिक परिषद ने घोषणा की कि 92 वर्षीय बिया ने 53.66 प्रतिशत वोट हासिल कर आठवीं बार जीत हासिल कर कीर्तिमान रच दिया है।
बता दें कि पॉल बियादुनिया के सबसे बूढ़े राष्ट्रपति भी हैं। जानकारी के मुताबिक बिया के मुख्य प्रतिद्वंदी ईसा त्चिरोमा बाकारी को 35.19 प्रतिशत वोट मिले। इस चुनाव में कुल 46 लाख मतदाताओं ने मतदान किया था।
संवैधानिक परिषद के अध्यक्ष क्लेमेंट आतंगाना ने परिणाम घोषित करते हुए कहा कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष रहा। कैमरून पीपुल्स डेमोक्रेटिक मूवमेंट के नेता बिया, अब अगले सात वर्षों केलिए पद पर बने रहेंगे।
बिया 1982 से सत्ता में हैं और 43 वर्षों से देश पर शासन कर रहे हैं। उनका नया कार्यकाल सात सालों का है और अब वह लगभग 100 वर्ष की आयु तक सत्ता में बने रहने का रिकॉर्ड बना सकते हैं।
कैमरून के संविधान के अनुसार नए राष्ट्रपति को परिणामों की आधिकारिक घोषणा के 15 दिनों के भीतर शपथ ग्रहण करनी होगी। यह समारोह संसद, संवैधानिक परिषद और सर्वोच्च न्यायालय के सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा।
हालांकि विपक्ष ने चुनाव परिणामों को चुनौती दी है। पूर्व मंत्री और सरकारी प्रवक्ता रह चुके बाकारी ने परिणाम आने से पहले ही खुद की जीत का दावा किया था।
परिणाम घोषित होने के बाद उन्होंने फेसबुक पर आरोप लगाया कि सुरक्षा बल उनके घर के बाहर प्रदर्शनकारियों पर गोली चला रहे हैं। इस बीच देश के कुछ इलाकों में तनाव फैला हुआ है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पिछले सप्ताह से जारी प्रदर्शनों में कई शहरों में झड़पें हुई हैं और कम से कम 30 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।
कई लोग कह रहे हैं कि परिणाम पहले से अनुमानित थे और बिया की जीत की संभावना पहले से ही अधिक थी।