सरकार ने मंगलवार को राज्यसभा को बताया कि 2025 में 41.41 लाख फर्जी राशन कार्ड रद किए गए, जिनमें से सबसे अधिक राशन कार्ड हरियाणा में रद किए गए हैं।
खाद्य राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया ने राज्यसभा को प्रश्न के उत्तर में डाटा साझा करते हुए बताया कि 2025 में कुल 41.41 लाख फर्जी राशन कार्ड हटाए गए।
कहां रद किए गए सबसे ज्यादा राशन कार्ड
हरियाणा में लगभग 13.43 लाख अपात्र राशन कार्ड रद किए गए हैं। राजस्थान में 6.05 लाख, उत्तर प्रदेश में 5.97 लाख, बंगाल में 3.74 लाख और मध्य प्रदेश में 2.60 लाख राशन कार्ड रद किए गए।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में प्रौद्योगिकी के उपयोग से सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश फर्जी राशन कार्ड को हटाने में सक्षम हुए हैं। 2024 में 48.85 लाख और 2023 में 41.99 लाख फर्जी राशन कार्ड हटाए गए थे।
आधार से जोड़ा गया लाभार्थियों का डाटा
मंत्री ने बताया कि पीडीएस में चल रहे सुधारों के तहत, राशन कार्ड और लाभार्थी डाटाबेस को सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में पूरी तरह से डिजिटाइज किया गया है।
99.2 प्रतिशत लाभार्थियों का डाटा आधार से जोड़ा गया है और 98.75% खाद्यान्न वितरण डिजिटल प्रमाणीकरण के जरिये किया जा रहा है, जिसमें आधार बायोमीट्रिक शामिल हैं।