तेलंगाना में आवारा कुत्तों की कथित हत्या की एक और घटना में हनमकोंडा जिले में 200 कुत्तों को मार डाला गया।
इसके साथ ही दिसंबर 2025 से राज्य में मारे गए कुत्तों की संख्या 1,100 हो गई है। यह दावा पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने किया है।
पशु कल्याण कार्यकर्ता ए. गौतम ने सोमवार को पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा कि करीब एक महीने पहले श्यामपेट मंडल के पथिपाका गांव में ग्राम पंचायत सचिव के कथित आदेश पर जहरीले इंजेक्शन लगाकर 200 आवारा कुत्तों को मार डाला गया था।
आवारा पशु फाउंडेशन ऑफ इंडिया (एनजीओ) से जुड़े क्रूरता निवारण प्रबंधक गौतम ने बताया कि इस संबंध में सूचना मिलने पर उन्होंने अन्य पशु कल्याण कार्यकर्ताओं के साथ गांव का दौरा किया और कुछ ग्रामीणों से आवारा कुत्तों की सामूहिक हत्या के बारे में पूछताछ की।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत सचिव की कथित संलिप्तता के बारे में बताया।