INS Chilka में 19 साल के अग्निवीर ट्रेनी ने आत्महत्या कर ली; बैरक के पास एक कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला…

ओडिशा के आईएनएस चिलिका नेवल ट्रेनिंग सेंटर से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां प्रशिक्षण ले रहे एक अग्निवीर प्रशिक्षु ने गुरुवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

घटना से पूरे परिसर में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय कार्तिक यादव के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के मोहम्मदपुर गांव का रहने वाला था। आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने के बाद उसके परिजन ओडिशा पहुंच गए हैं।

ट्रेनिंग से नहीं था संतुष्ट

जानकारी के अनुसार, कार्तिक यादव इसी वर्ष 17 फरवरी को भारतीय नौसेना में भर्ती हुआ था। इसके बाद वह बालुगांव स्थित नेवल ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण ले रहा था। बताया जा रहा है कि वह प्रशिक्षण से संतुष्ट नहीं था और नौकरी छोड़ना चाहता था।

परिजनों के मुताबिक, 7 अप्रैल को उसने अपनी मां को फोन कर प्रशिक्षण छोड़ने की इच्छा जताई थी और इस्तीफे पर हस्ताक्षर करने को कहा था।

हालांकि, मां ने उसे समझाते हुए प्रशिक्षण जारी रखने की सलाह दी। घटना वाले दिन भी उसने दोपहर में फोन कर वही बात दोहराई, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते मां ने उसे कोर्स पूरा करने के लिए कहा। इसके बाद गुरुवार शाम उसने बैरक के पास एक मकान में कपड़े से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

नौसेना अधिकारियों ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी और दिल्ली से भुवनेश्वर तक आने के लिए फ्लाइट टिकट की व्यवस्था भी कराई।

शुक्रवार सुबह उसके पिता राजकुमार ने नेवल कैंपस पहुंचकर शव की पहचान की। पिता ने बालुगांव थाना क्षेत्र स्थित नेवल पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर वैज्ञानिक टीम भी जांच में जुटी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *