हीरो इंडियन सुपर लीग (ISL) 2022-23 का नया सीजन 7 अक्टूबर से शुरू हो रहा है।
सीजन का पहला मुकाबला बीते साल की उपविजेता केरला ब्लास्टर्स और ईस्ट बंगाल फुटबॉल क्लब के बीच कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा।
इस बार 2022-23 सीजन खास होगा, क्योंकि दो सीजन के अंतराल के बाद फैंस का स्टेडियम में स्वागत किया जाएगा।
गुरुवार को फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड (FSDL) की संस्थापक और अध्यक्ष नीता अंबानी ने कहा कि हीरो इंडियन सुपर लीग का आगामी सीजन लीग और भारतीय फुटबॉल के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
नीता अंबानी ने कहा कि भारत की फुटबॉल यात्रा फेयर गेम की भावना का प्रमाण रही है। स्टेडियम में प्रशंसकों की वापसी और आगामी ISL सीजन के लिए जबरदस्त उत्साह है।
फैंस फुटबॉल के दिल और आत्मा हैं। हम उन्हें फिर से अपनी टीमों के लिए चियर करने के लिए स्टैंड में पाकर खुश हैं। नीता अंबानी ने कहा कि पिछले कुछ सालों में, महामारी की चुनौतियों के बावजूद, ISL ने युवा प्रतिभाओं और प्रशंसकों को डिजिटल जुड़ाव के लिए एक ठोस प्लेटफॉर्म प्रदान किया है। मुझे यकीन है कि इस साल कई और घरेलू खिलाड़ी और उच्च गुणवत्ता वाले फुटबॉल का उदय होगा।
इस सीजन में हीरो ISL प्रशंसकों को लाइव मैचों तक आसान पहुंच प्रदान करेगा। क्योंकि टूर्नामेंट मैचों को तीसरे सप्ताह से ज्यादा से ज्यादा वीकेंड में रखा गया है।
इस सीजन को एक नया प्लेऑफ प्रारूप दिखाने के लिए भी बढ़ाया गया है जिसमें शीर्ष छह टीमें शामिल होंगी। हाई-ऑक्टेन फुटबॉल एक्शन के 117 मैचों का आयोजन 10 अलग-अलग जगहों पर किया जाएगा। पहली बार, ISL लीग प्लेऑफ, सेमीफाइनल और फाइनल के अलावा करीब पांच महीने तक चलेगा।
हीरो इंडियन सुपर लीग ( ISL) भारत की प्रमुख प्रोफेशनल फुटबॉल लीग है। इसका आयोजन अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अंतर्गत में फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड (FSDL) द्वारा किया जाता है जो रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और स्टार इंडिया लिमिटेड का ज्वाइंट वेंचर है।
ISL भारत की सबसे बड़ी फुटबॉल लीग है। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल स्टार्स साथ खेलते हैं। 2014 से लेकर अब तक इस लीग के 8 सीजन खेले जा चुके हैं। यह 9वां सीजन होगा।
अब तक 8 सीजन में पांच चैंपियन टीमें मिली हैं। एटलेटिको डी कोलकाता ने सबसे ज्यादा तीन बार यह खिताब जीता है।
वहीं, चेन्नईयन एफसी ने दो बार यह खिताब अपने नाम किया है। मुंबई सिटी एफसी, बेंगलुरु एफसी और हैदराबाद एफसी ने एक-एक बार यह खिताब जीता है। 2014 में पहला सीजन एटलेटिकी डी कोलकाता ने जीता था।
उन्होंने केरल ब्लास्टर्स को फाइनल में 1-0 से हराया था। वहीं, हैदराबाद एफसी 2021-22 सीजन का विनर रहा है।