रूसी सेना महीनों से पोक्रोव्स्क और पास के चासिव यार जैसे प्रमुख दोनेत्स्क गढ़ों पर कब्जा करने की कोशिश कर रही हैं, खेत और जंगलों में अपना रास्ता बना रही हैं तथा छोटी ग्रामीण बस्तियों को अपने कब्जे में ले रही हैं।
नोवोवासिलिव्का गांव पोक्रोव्स्क से लगभग 11 किलोमीटर (दक्षिण पश्चिम में स्थित है। यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा है कि रूस पोक्रोव्स्क को घेरने के लिए एक बड़ा अभियान चला रहा है।
पोक्रोव्स्क एक प्रमुख सड़क और रेल केंद्र है, जहां से अग्रिम क्षेत्रों के विस्तृत हिस्से को आपूर्ति प्रदान की जाती है। चासिव यार एक रणनीतिक पर्वतीय चोटी है।
यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेनी सैनिकों ने पिछले 24 घंटों में पोक्रोव्स्क की ओर रूसी सेना के 71 हमलों को नाकाम कर दिया है, जिसका मतलब है कि पूरे 1,000 किलोमीटर की अग्रिम रेखा पर रूस के लगभग आधे हमले पोक्रोव्स्क के आसपास हुए।
यूक्रेन की इमारत पर रूसी ड्रोन का हमला, चार लोगों की मौत
इससे पहले, पूर्वोत्तर यूक्रेन में एक इमारत पर रूसी ड्रोन के हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य लोग घायल हुए।
अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सुमी क्षेत्रीय प्रशासन के अनुसार, एक ‘शाहिद’ ड्रोन ने बुधवार देर रात एक बजे के बाद सुमी शहर की इमारत की दीवार और आसपास की खिड़कियां उड़ा दीं।
प्रशासन ने बताया कि मलबे से चार लोगों को जीवित बाहर निकाला गया। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। कुल 120 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।