युद्ध-विराम पर होगी सीधी बातचीत! हिजबुल्लाह के हमलों के बीच इजरायल और लेबनान रास्ता तलाशेंगे…

इजरायल पर ईरान समर्थित गुट हिजबुल्लाह के हमलों के बाद लेबनान में मची तबाही के बीच इजरायल के अखबार हारेत्ज ने दावा किया है कि दोनों देश आनेवाले दिनों में युद्धविराम पर सीधी बात कर सकते हैं।

बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी शामिल हो सकते हैं। ये बातचीत पेरिस या साइप्रस में हो सकती है। इसमें इजरायल की तरफ से पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के भरोसेमंद रोन डर्मर शामिल हो सकते हैं।

इजरायल ने चेतावनी दी है कि हिजबुल्लाह हमले के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल कर रहा है, जिसके चलते ऐसे वाहनों को भी निशाना बनाया जा सकता है।

युद्ध-विराम के लिए होगी बातचीत

अखबार के अनुसार, लेबनान के तीन अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल इजरायल से बातचीत करेगा। हालांकि, तारीख तय नहीं की गई है। एक अधिकारी के अनुसार, इजरायल के सामने बातचीत के लिए युद्धविराम की शर्त रखी गई है।

इजरायल सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। बता दें कि ईरान के खिलाफ संघर्ष में लेबनान शामिल नहीं है, लेकिन हिजबुल्लाह की वजह से वहां तबाही हो रही है। अब तक 800 लोग मारे जा चुके हैं और आठ लाख से ज्यादा विस्थापित हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *