पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा साराडीह बैराज
मुख्यमंत्री द्वारा साराडीह बैराज के डूबान क्षेत्र प्रभावितों को वितरित की गई मुआवजा राशि
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज भेंट-मुलाकात के लिए नवगठित सक्ती जिले के चंद्रपुर विधानसभा में डभरा विकासखंड के ग्राम साराडीह पहुंचे।
यहां उन्होंने महानदी के तट पर स्थित शिव मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्राम साराडीह में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान कई अहम् घोषणाएं की।
साराडीह बैराज में पर्यटन स्थल का विकास, साराडीह में सामुदायिक भवन का निर्माण, साराडीह में राम निषाद के घर से मांझा खोल तक सीसी रोड निर्माण, चंद्रपुर में नया थाना भवन का होगा निर्माण, चंद्रपुर में पर्यटन स्थल का विकास-मरीन ड्राइव का दिया जाएगा स्वरूप, ग्राम टूंड्री में पुलिस चौकी निर्माण, ग्राम सिरियागढ़ के शासकीय हाईस्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नत किया जाएगा।
इसके अलावा सकराली में 33/11 केवी सब स्टेशन का निर्माण, ग्राम साराडीह में विद्युत लाइन विस्तार, डभरा शासकीय कॉलेज रोड का निर्माण करने की घोषणाएं की।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साराडीह बैराज के डूबान क्षेत्र के 12 प्रभावितों को 3 करोड़ 54 लाख 74 हजार रुपए की राशि का चेक वितरित किया।
मुख्यमंत्री बघेल ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के रूप पहली बार मैं साराडीह आया हूं।
प्रदेश में हमारी सरकार बनने के बाद प्रत्येक वर्ग के लिए योजनाएं बनाई गई। ये योजनाएं जमीनी स्तर पर सही मायने में क्रियान्वित हो रही है कि नहीं, ये देखने जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों को लेकर मैं यहां आया हूं।
हमारी सरकार किसानों की, गरीबों, मजदूरों की सरकार है। हमें सबसे पहले किसानों के ऋण माफी का फैसला लिया। राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को फसलों की सही कीमत मिल रही है।