जर्मनी के मैगडेबर्ग शहर में शुक्रवार को हुए क्रिसमस मार्केट पर हमले को लेकर सऊदी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है।
हमलावर ने एक कार से भीड़ में घुसकर कम से कम दो लोगों की जान ले ली और 68 अन्य को घायल कर दिया। अधिकारियों ने इसे एक जानबूझकर किया गया हमला बताया है।
यह घटना शाम 7 बजे के आसपास हुई, जब बाजार में छुट्टियों के शॉपिंग के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। हमलावर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
हादसे में मरने वालों में एक वयस्क और एक बच्चा शामिल है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में एक कार को बाजार के बीच से तेज रफ्तार से गुजरते हुए दिखाया गया। इसके बाद लोग गिरते हुए और भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
यह घटना 2016 में बर्लिन में हुए एक हमले से मिलती-जुलती है, जब एक ट्रक चालक ने भीड़ में घुसकर 13 लोगों की जान ले ली थी।
हमलावर की पहचान 50 वर्षीय सऊदी नागरिक के रूप में की गई है। वह 2006 में जर्मनी आया था और उसके पास स्थायी निवासी परमिट था।
जर्मनी की आंतरिक मंत्री तामारा ज़ीशचांग ने इसकी जानकारी दी है। वह मैगडेबर्ग से लगभग 40 किलोमीटर दूर बर्नबर्ग में बतौर डॉक्टर काम कर रहा था।
सक्सोनी-एंहाल्ट के गवर्नर रेनर हैसेलॉफ ने कहा, “इस समय तक वह एक अकेला अपराधी है। इसलिए शहर के लिए कोई और खतरा नहीं है।”
हमले के मकसद का अभी तक पता नहीं चल सका है। सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा करते हुए जर्मन लोगों और पीड़ितों के परिवारों के प्रति सार्वभौमिक एकजुटता व्यक्त की।
मंत्रालय ने हिंसा की निंदा की, लेकिन संदिग्ध के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।