सैयद जावेद हुसैन (सह संपादक- छत्तीसगढ़): धमतरी- छत्तीसगढ़ एस्पायर एकेडमी द्वारा गाँधी जयंती के उपलक्ष्य पर 1 अक्टूबर को “भारत को जानो” थीम पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसका परिणाम एवं पुरूस्कार वितरण समारोह कार्यक्रम आज 9 अक्टूबर दिन रविवार को नगर पालिक निगम सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया, जिसमे धमतरी एवं आसपास के ग्रामीण अंचल के प्रतियोगी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के पुलिस कप्तान प्रशांत ठाकुर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भूरकर ने युवा नेता आनंद पवार की अध्यक्षता में अपनी उपस्थिति दी।
इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महिमा सागर वार्ड पार्षद दीपक सोनकर, एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव गौतम वाधवानी, कांग्रेस आई टी सेल जिला अध्यक्ष तुषार जैस, युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष हितेश गंगवीर मोनू सिन्हा भी शामिल हुए।
एसपी प्रशांत ठाकुर व्यस्तता के चलते बहुत थोड़े समय के लिए कार्यक्रम में अपना समय दे पाए, उन्होंने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी और विपरीत परिस्थितियों में भी लक्ष्य को कैसे हासिल करें पर प्रेरणा प्रद अनुभव साझा कर सबका मार्गदर्शन किया, साथ ही आयोजन के लिए एकेडमी की प्रशंसा की।
वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भुरकर ने अपना भरपूर समय कार्यक्रम को दिया, उन्होंने अपने उद्बोधन में बताया कि प्रशासनिक सेवाओं में चयन हेतु आगे आने वाली CGPSC और UPSC जैसी परीक्षाओं की तैयारी किस प्रकार करनी है, और अपने सीमित समय का प्रबंधन किस प्रकार किया जा सकता है।
उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को इस बात से आश्वस्त करवाया की भविष्य में इन परीक्षाओं से संबंधित किसी भी जानकारी या मदद के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगी।
उन्होंने महिला सुरक्षा और ऑनलाइन फ्रॉड जैसे विषयों पर भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस इस क्षेत्र में लगातार काम कर रही है जिससे इन घटनाओं पर अंकुश लगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे युवा नेता आनंद पवार ने अपना उद्बोधन शुरू करने के पहले क्षेत्र की आराध्य माता विंध्यवासिनी से सभी के उज्जवल भविष्य की प्रार्थना की और कहा कि इस आयोजन का मुख्य लक्ष्य हमारे क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाने का है और ऐसे आयोजन लगातार होते रहने चाहिये।
उन्होंने एकेडमी को आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने स्तर पर हर सम्भव प्रयास करेंगे जिससे क्षेत्र के उन बच्चों को बेहतर शिक्षा का मंच मिल सके, एस्पायर एकेडमी ने धमतरी के छात्रों की उस विकट समस्या को हल कर दिया है जिसकी वजह से वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में कठिनाई महसूस करते थे, जिस तैयारी के लिए रायपुर-बिलासपुर जैसे शहरों में जाना पड़ता था अब एस्पायर एकेडमी के माध्यम से वही तैयारी धमतरी में ही हो सकेगी।
उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बताया कि सफलता कोई घटना नही एक प्रक्रिया है जो मेहनत और लगन से हासिल होती है और यदि आप असफल हो जाते है तो मायूस ना होकर नई शुरुआत करें और असफलता को एक पड़ाव के रूप में देखें। इस प्रतियोगिता में भाग लेने सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में ट्राफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया, तीसरे स्थान पर रही बेनुवती साहू को 6 हजार रुपये नकद एवं ट्राफी, द्वितीय स्थान पर रही स्नेहा साहू को 8 हजार रुपये नकद एवं ट्राफी एवं प्रथम स्थान पर प्राप्त करने वाली वंदना साहू को 11 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी के पुरुस्कार से सम्मानित किया गया।
अंत में एस्पायर एकेडमी के संचालक आकाश सिन्हा ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 2 बार UPSC के इंटरव्यू तक का सफर तय किया लेकिन कुछ नंबरों से उसमें सफलता पाने से चूक गए उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि अब CGPSC, UPSC, SI आदि प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने वाले छात्रों के मार्गदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ एस्पायर एकेडमी सदैव तत्पर है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित एस्पायर अकैडमी के परीक्षा प्रभारी व वालंटियर भी उपस्थित रहे जिसमें वातांजलि गोस्वामी, हर्षा सिन्हा, भूषण सिन्हा, मनोज साहू, टिकेंद्र साहू, अजय सिन्हा, देव प्रकाश साहू, जयप्रकाश साहू, हेमंत सिन्हा, तेजस्विनी चिंतेश्वरी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।