कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने पर अडिग हैं शशि थरूर, बोले नामांकन वापस लेने का सवाल नहीं…

ywAAAAAAQABAAACAUwAOw==

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे शशि थरूर ने नामांकन वापसी संबंधित बातों को अफवाह बताया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने कहा कि ये बातें अफवाह हैं कि मैं नामांकन वापस लेने जा रहा हूं।

मुझे इतना समर्थन मिल रहा है कि अगर मैं लोकतांत्रिक रूप से चुनाव कराने का इच्छुक नहीं होता, तो मैं दूसरे उम्मीदवार को नामांकन वापस लेने के लिए कहता।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि मैं यहां एक मजबूत कांग्रेस पार्टी के लिए लड़ने के लिए हूं, जो 2024 में भाजपा की विजय मशीन का मुकाबला कर सकती है।

कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव प्रतिद्वंद्वियों की लड़ाई नहीं है, बल्कि अलग-अलग विचारों के बीच एक दोस्ताना मुकाबला है।

चेन्नई में अध्यक्ष पद चुनाव के प्रचार के दौरान शशि थरूर ने कहा कि उनकी पार्टी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और अध्यक्ष पद के चुनाव को किस तरह से देखती है, यह सबसे ज्यादा मायने रखता है।

इस पर बाहरी लोग क्या सोचते हैं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। बता दें कि इससे पूर्व आज दिन में शशि थरूर ने हिंदी में वीडियो जारी कर कांग्रेस के नेताओं से समर्थन मांगा था।

करीब 3 मिनट 10 सेकंड का उन्होंने वीडियो जारी किया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि 17 अक्टूबर को हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदान होने वाला है।

ये मतदान दो कारणों से बेहद अहम हैं। पहला कारण यह है कि इसके जरिये हम अपनी पार्टी की गतिविधियों को अधिक सक्रिय करके पुनर्जीवित कर सकते हैं।

साथ ही उन्होंने बताया कि दूसरा कारण यह है कि हम आम जनता से अपनी पार्टी के लिए समर्थन लेकर पार्टी को और सशक्त कर सकते हैं।

इसके अलावा शशि थरूर ने वीडियो में कहा कि मैं आपसे यह बात दोहराना चाहता हूं कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस के नेता राहुल गांधी का भी विचार है कि लोकतांत्रिक तरीके से हुई चुनावी प्रक्रिया पार्टी को मजबूत करेगी और कांग्रेस की तरफ अधिक से अधिक जनता को आकर्षित करेगी।

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर को होने वाला है। इस चुनाव में शशि थरूर का मुकाबला मल्लिकार्जुन खड़गे से है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *