दिल्ली में राजपथ का नाम बदलने को लेकर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तंज कसा है।
सोशल मीडिया पर एक ट्वीट करते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रभारी सुकांत मजूमदार पर निशाना साधा और ‘राज’ शब्द को कर्तव्य के साथ बदलते हुए कई शब्दों में बदलाव करते हुए तंज कसा है।
पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा अक्सर भाजपा सरकार पर हमलावर रहती है। इस बार उन्होंने राजपथ का नाम कर्तव्य पथ किए जाने को लेकर निशाना साधा।
इस बार उनका निशाना पश्चिम बंगाल में भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार रहे।
मोइत्रा ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘अब पश्चिम बंगाल के नए भाजपा प्रभारी कर्तव्यधानी एक्सप्रेस से सियालदह तक अपनी कर्तव्य कचौरियों का आनंद ले सकते हैं और उसके बाद एक अच्छा मीठा कर्तव्य भोग भी खा सकते हैं। स्वादिष्ट।’
गौरतलब है कि बीते गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में राजपथ का नाम कर्तव्य पथ बदलते हुए इसका उद्घाटन किया।
साथ ही इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 28 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी किया।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि राजपथ गुलामी का प्रतीक था जबकि न्यू इंडिया में कर्तव्य पथ हमारी भविष्य की राह सुनिश्चित करेगा।
बता दें कि विजय चौक से लेकर सी-हेक्सागन तक बना राजपथ और सेंट्रल विस्टा लॉन अब कर्तव्यपथ है।