प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को देशभर के कई हिस्सों में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए 5जी सेवा को लॉन्च करने जा रहे हैं।
इन आयोजन स्थलों में एक महामहिम द्रौपदी मुर्मू के ससुलाय मयूरभंज जिले के पहाड़पुर गांव स्थित एक स्कूल है, जहां 5जी सेवा का लाइव डेमो आयोजित होना है।
इस आवासीय स्कूल को मुर्मू द्वारा संचालित किया जा रहा है।
मामले में जानकार अधिकारियों ने जानकारी दी कि रिलायंस जियो द्वारा 5जी सेवाओं का लाइव प्रदर्शन राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा शुरू किए गए पहाड़पुर गांव के एसएलएस मेमोरियल आवासीय विद्यालय में भी आयोजित किया जाएगा। इस स्कूल को महामहिम साल 2016 से संचालित कर रही हैं।
स्कूल प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष मुन्ना प्रतिहारी ने कहा, “प्रगति मैदान में आयोजित होने वाली इस बहुतप्रतिक्षित समारोह में पीएम मोदी द्वारा 5 जी सेवाओं का लाइव डेमो लॉन्च किया जाएगा। ओडिशा में रिलायंस जियो के अधिकारियों ने 5 जी प्रदर्शन के लिए स्कूल में सुविधाएं स्थापित की हैं।”
पति और बेटों की याद में बनाया था स्कूल
स्कूल की स्थापना राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने पति और दो बेटों की याद में की थी, जिनकी 2009 और 2014 के बीच मृत्यु हो गई थी।
आवासीय स्कूल में कक्षा 6-10 में कम से कम 75 बच्चे पढ़ते हैं। राष्ट्रपति साल में कम से कम 6 बार स्कूल जाती हैं।
कब हुई थी 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी
5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी 1 अगस्त को संपन्न हुई थी। जिसमें सरकार को रिकॉर्ड 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बोलियां मिलीं।
5G नेटवर्क से 4G नेटवर्क की तुलना में हाई स्पीड इंटरनेट, बेहतर कनेक्टिविटी और नेटवर्क की ताकत है। 5जी सेवाएं दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और मुंबई के चार महानगरों में शुरू की जा रही हैं।
टेलीकॉम कंपनियां 2023 के अंत तक पूरे देश को 5G से कवर करने की उम्मीद कर रही हैं।