रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त कराएंगे ट्रंप? जेलेंस्की से बातचीत के बाद कूटनीतिक प्रयास तेज…

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थता कर रहे अपने वार्ताकारों से कहा है कि वे जमीनी हालात बताकर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाएं। दोनों देशों के बीच युद्ध खत्म कराकर यूक्रेन में लंबे समय की शांति स्थापित कराएं।

शनिवार को मास्को में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ ट्रंप के दूत स्टीव विटकाफ और दामाद जेरेड कुशनर की चार घंटे वार्ता हुई। शुक्रवार और शनिवार को अबूधाबी में अमेरिका, रूस और यूक्रेन के अधिकारियों के बीच वार्ता संपन्न हुई है।

1 फरवरी को अगली वार्ता

तीनों देशों के अधिकारियों की अगली वार्ता एक फरवरी को फिर होगी। कोशिश है कि यूक्रेन युद्ध पांचवें वर्ष में प्रवेश न कर पाए। इस बीच पोप लियो ने यूक्रेन में आमजनों के मारे जाने और उन्हें चार वर्षों से हो रही कठिनाई के मद्देनजर अविलंब युद्ध खत्म किए जाने का अनुरोध किया है।

ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका और यूरोप के बीच पैदा हुए तनाव के बीच इसी सप्ताह दावोस में ट्रंप की यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से महत्वपूर्ण वार्ता हुई है। उसी के बाद ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध खत्म होने का बयान दिया और जेलेंस्की ने भी उससे सहमति जताई थी।

उसके अगले दिन ही बहुपक्षीय कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए। यूएई ने भी अपने अच्छे संबंधों के आधार पर कहा है कि रूस और यूक्रेन के बीच वार्ता सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ी है। मास्को और अबूधाबी में हुई वार्ता को अमेरिकी अधिकारियों ने बहुत-बहुत सकारात्मक कहा है।

पहली बार आगे बढ़ी शांति वार्ता

यूक्रेन युद्ध पर शुरू से नजर रख रहे लोगों का मानना है कि दोनों पक्ष पहली बार शांति के लिए इतने आगे बढ़े हैं। यूक्रेन के बिजली संयंत्रों पर रूसी हमलों के चलते केवल राजधानी कीव में 1,700 भवनों में रहने वाले दसियों हजार लोग बिजली से पूरी तरह से वंचित हैं, जबकि 3,200 को घर गर्म करने लायक बिजली नहीं मिल रही है।

भीषण ठंड और हिमपात के इस मौसम में पूरे देश में 12 लाख से ज्यादा लोगों को बिजली आपूर्ति से कटे हुए हैं। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि रूस आमजनों को परेशान करने के लिए ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बना रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *