कोंडागांव : कलेक्टर ने सुशासन तिहार व बस्तर मुन्ने शिविर के आवेदनों पर गंभीरता से निराकरण के दिए निर्देश…

कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने तथा मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में उन्होंने लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने तथा मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य जांच में प्रगति लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर ने बस्तर मुन्ने अभियान के तहत आयोजित ग्राम स्तरीय शिविरों के बेहतर संचालन एवं ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों के संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने आधार अद्यतन एवं त्रुटि सुधार कार्यों में विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान की समीक्षा के दौरान उन्होंने सिकल सेल स्क्रीनिंग को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा आयुष्मान कार्डधारी हितग्राहियों को उपचार के लिए कार्ड के उपयोग के प्रति जागरूक करने पर बल दिया। इसके साथ ही टीबी मुक्त पंचायत अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में ई-डिस्ट्रिक्ट में लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण तथा ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कार्यालयीन फाइलों के प्रस्तुतिकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, पोषण अभियान, स्वच्छ भारत अभियान, महतारी वंदन योजना, हर घर जल योजना, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम एवं सड़क सुरक्षा सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *