उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर जारी है। दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी दी गई है…

उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का सितम जारी है, लेकिन आज यानी 31 जनवरी 2026 को दिल्ली-एनसीआर के मौसम में एक बड़ा बदलाव आने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के राज्यों में बारिश, बर्फबारी और कड़ाके की ठंड का नया दौर शुरू हो रहा है।

उत्तर भारत के राज्यों का हाल

पहाड़ी राज्य (जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड): पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी दी गई है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से काफी नीचे जा सकता है।

मैदानी राज्य (पंजाब, हरियाणा, राजस्थान): इन राज्यों में आज रात से गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और बिहार: उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में बारिश का असर दिखेगा, जबकि बिहार में फिलहाल घना कोहरा और शीत लहर का असर जारी रहने का अनुमान है।

बर्फ की चादर ओढ़ कश्मीर घाटी से चिल्ले कलां की विदाई

जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बर्फ की चादर ओढ़ 40 दिन के कठोर सर्दी वाले चिल्ले कलां की शुक्रवार को कश्मीर घाटी से विदाई हो गई। इसके साथ ही 20 दिन का चिल्ले खुर्द (छोटी ठंड) शुरू हो गया है, जिसके बाद 10 दिनों का चिल्ले बच्चा (बेबी कोल्ड) आएगा।

श्रीनगर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार एक से तीन फरवरी के बीच एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। शुक्रवार को अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहा, लेकिन कई जगह बादल भी छाए रहे। रात में ठंडक कायम है। घाटी के कई पर्वतीय हिस्सों में हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है।

उत्तराखंड में दो दिन से मौसम शुष्क बना हुआ है और पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिल रही है। ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पहाड़ों पर वर्षा-बर्फबारी हो सकती है।

आज दिल्ली का मौसम

  • दिल्ली-एनसीआर के लिए आज येलो अलर्ट जारी किया गया है।
  • कोहरा और विजिबिलिटी: सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम रही।
  • बारिश और आंधी: दोपहर के बाद या रात तक दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके साथ ही 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक की भी चेतावनी दी गई है।
  • तापमान: आज अधिकतम तापमान 21°C और न्यूनतम तापमान 7°C से 12°C के आसपास रहने का अनुमान है।
  • अगले कुछ दिन: बारिश का यह सिलसिला 1 और 2 फरवरी तक जारी रह सकता है, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी और ठिठुरन बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *