पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) और पाकिस्तानी आकाओं के संपर्क में होने के आरोप में गिरफ्तार किए गए गुरविंदर सिंह ने अब तक की पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं।
राजस्थान एटीएस ने गुरविंदर को पंजाब के तरनतारन जिले से शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि गुरविंदर पिछले साल दिसंबर में जयपुर के एक होटल में नौकरी करते हुए इंटरनेट मीडिया के जरिए पाकिस्तान के आतंकी संगठनों से सक्रिय रूप से जुड़ गया था।
वह लगातार आतंकी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करता था। जयपुर में दो महीने रहने के बाद वह वापस पंजाब चला गया था।
सूत्रों के अनुसार, जयपुर में रहने के दौरान गुरूविंदर ने कई महत्वपूर्ण जानकारी इंटरनेट मीडिया पर सार्वजनिक की थी।
राजस्थान एटीएस द्वारा इंटरनेट मीडिया पर रखी जा रही निगरानी के दौरान पिछले दिनों गुरविंदर के इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर संदिग्ध पोस्ट सामने आई थी।
जांच के बाद सामने आया कि वह इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर पाकिस्तान व खालिस्तान के समर्थन में पोस्ट करता था। गुरविंदर के फेसबुक चैट में आतंकी संगठन टीआरएफ के सदस्यों से बातचीत के साक्ष्य मिले हैं।
उसने तरनतारन में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की चौकी का वीडियो पाकिस्तान भेजा था। अब गुरविंदर से जयपुर में एटीएस सहित अन्य जांच एजेंसियों के अधिकारी पूछताछ करेंगे।