बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 48 घंटों में किसी भी भारतीय-ध्वज वाले जहाज से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है।
शिपिंग निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, भारतीय मिशनों और समुद्री हितधारकों के साथ मिलकर लगातार समन्वय कर रहा है, ताकि नाविकों की सुरक्षा और समुद्री संचालन सुचारु बना रहे।
उन्होंने कहा कि विदेशी जहाजों पर सवार भारतीय नाविकों से जुड़ी भी कोई घटना दर्ज नहीं हुई है।उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 2,999 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी कराई जा चुकी है, जिनमें से 23 को पिछले 48 घंटों में खाड़ी क्षेत्र से लाया गया।
डीजी शिपिंग के कंट्रोल रूम ने अब तक 8,570 काल और 18,732 ईमेल संभाले हैं, जबकि पिछले 48 घंटों में 156 काल और 668 ईमेल प्राप्त हुए। शर्मा ने बताया कि भारतीय बंदरगाहों पर संचालन सामान्य है और किसी तरह की भीड़भाड़ नहीं है।