प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष मंगलवार को पूरे हो गए।
केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के शीर्ष नेताओं ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री के नेतृत्व की जमकर सराहना की और उनके कार्यकाल को देश का आत्मविश्वास लौटने और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का दौर बताया। जबकि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में देश की विकास यात्रा की प्रशंसा की है।
2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा की जीत के बाद 26 मई को नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी। मोदी ने 2019 में लगातार दूसरी बार देश के प्रधानमंत्री का पद संभाला और वह 2024 में तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। इस तरह मंगलवार को उनके कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे हो गए।
इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनके नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि 26 मई, 2014 को शुरू हुआ दौर केवल सत्ता परिवर्तन नहीं बल्कि देश के आत्मविश्वास की वापसी और सांस्कृतिक पुनर्जाकरण का ऐतिहासिक क्षण है।
जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि 26 मई, 2014 भारत की सम्यतागत और विकासात्मक यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत थी।
उन्होंने कहा, “उस दिन नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। भारत ने शासन, दृष्टिकोण, नेतृत्व और राष्ट्रीय संकल्प में एक निर्णायक बदलाव देखा है।”
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी को राष्ट्र के प्रति समर्पित दूरदर्शी नेता बताया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू समेत तमाम मंत्रियों ने भी मोदी के नेतृत्व की सराहना की है।
भाजपा अध्यक्ष ने की 12 देशों के प्रतिनिधियों से मुलाकात
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में 12 देशों के प्रतिनिधियों की मेजबानी की और उनके साथ सार्थक बातचीत की। यह मुलाकात “भाजपा को जानें” पहल के तहत हुई।
भाजपा के बयान के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद नवीन का विदेशी राजनयिकों के साथ इस तरह का यह पहला संवाद कार्यक्रम है। इस संवाद में ब्राजील, जर्मनी, इंडोनेशिया, मलेशिया, मारीशस, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, सेशल्स, श्रीलंका, थाईलैंड और वियतनाम के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान नितिन नवीन ने इन प्रतिनिधियों को भाजपा के दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने की यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्हें भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना, शासन माडल और पार्टी की विभिन्न गतिविधियों से परिचय कराया।